27 Me PDA Sarkar
PDA का संकल्प : न्याय • सम्मान • विकास
सपा अध्यक्ष को देखने कुर्सियां छोड़ आगे आए समर्थक:अखिलेश बोले- अब दलित नहीं 'दमदार दलित' करेगा भाजपा का सफाया
16 Nov 2026
दलित मतदाताओं को रिझाने के लिए रविवार को आगरा के जीआईसी ग्राउंड पर आयोजित महासम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की लोकप्रियता का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। आयोजित इस सम्मेलन में जब अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर पहुंचे और भाषण शुरू किया, तो समर्थकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।

उनकी दीवानगी इतनी रही कि बड़ी संख्या में समर्थक अपनी कुर्सियां छोड़कर मंच के नजदीक आगे आ गए, ताकि वे उन्हें करीब से सुन सकें। अखिलेश यादव ने आधे घंटे से अधिक समय तक सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उनके भाषण के बीच-बीच में समर्थकों ने लगातार ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ और ‘जय भीम’ के नारे लगाए।

पूरे मैदान में इन नारों की गूंज रही। पश्चिमी यूपी के करीब 30 जिलों से आए कार्यकर्ताओं और दलित समाज के लोगों में यह उत्साह खासतौर पर देखा गया।
अखिलेश यादव ने अपने भाषण में सपा के पीडीए फॉर्मूले को नया अर्थ देते हुए कहा कि अब ‘डी’ सिर्फ दलित नहीं, बल्कि दमदार दलित हो गया है।

उन्होंने आगरा से पीडीए आंदोलन की शुरुआत का ऐलान किया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में दलित समाज भाजपा का हमेशा के लिए सफाया कर देगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर दलित उत्पीड़न, आंबेडकर की मूर्तियों के तोड़े जाने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर हमला बोला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘अंगद के पांव’ वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस दलित सम्मेलन के बाद भाजपा की जमीन खिसक जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब जमीन ही नहीं बचेगी तो अंगद अपना पांव कहां रखेगा। जब तक अखिलेश यादव का भाषण चला तब तक आगे बैठे समर्थकों कुर्सी छोड़ उनको देखने के लिए लालायित नजर आए।