27 Me PDA Sarkar
PDA का संकल्प : न्याय • सम्मान • विकास
सपा ने 2027 चुनाव की तैयारी शुरू की:जसवंतनगर में संगठन मजबूत करने और मतदाता सूची पर हुई समीक्षा
13 Aug 2026
जसवंतनगर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बुधवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की। यह बैठक कस्बा क्षेत्र स्थित पार्टी के नगर कार्यालय सभागार में हुई। इसमें बूथ, सेक्टर और बूथ प्रभारियों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' के संकल्प के साथ मिशन-2027 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

बैठक में सपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर प्रत्येक बूथ की स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए और कमजोरियों को दूर करना चाहिए। मतदाता सूची पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, जिसमें पात्र लोगों के नाम शामिल कराने और गलत या फर्जी नामों को नियमानुसार हटवाने के लिए सक्रियता जरूरी है।

राहुल गुप्ता ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लूट, भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है और जनता बदलाव चाहती है। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश की जनता आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद से देख रही है और पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिलने की संभावना है।

गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में कोई कसर न छोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ स्तर पर जिन मतदाताओं के नाम हट गए हैं, उनकी जानकारी जुटाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाए। साथ ही, जिन पात्र लोगों के वोट अभी नहीं बने हैं, उनके मतदाता पहचान पत्र बनवाने में सहयोग किया जाए। प्रत्येक बूथ पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

इस समीक्षा बैठक में सपा सेक्टर प्रभारी सुभाष गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि हाजी मोहम्मद शमी, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र गौड़, नगर महासचिव राशिद सिद्दीकी, जिला सचिव सुनील यादव, सत्यवती यादव, ऋषिकांत चतुर्वेदी, मो. जहीर, गोपाल गुप्ता, लड्डन खान और रघुवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।